Home Breaking News नए वर्ष पर सांकरी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, मुख्यमंत्री के दौरे...

नए वर्ष पर सांकरी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, मुख्यमंत्री के दौरे के बाद पर्यटन गतिविधियों में आई तेजी

31
0
Filmitics
नए वर्ष पर सांकरी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, मुख्यमंत्री के दौरे के बाद पर्यटन गतिविधियों में आई तेजी

नववर्ष 2026 के स्वागत के साथ ही सीमांत जनपद उत्तरकाशी के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिल रही है। खासकर विश्वप्रसिद्ध केदारकांठा ट्रैक के मुख्य पड़ाव और लोकप्रिय पर्यटन स्थल सांकरी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में सैलानी और ट्रैकर्स पहुंच रहे हैं। नए साल के मौके पर क्षेत्र पूरी तरह पर्यटन गतिविधियों से गुलजार नजर आ रहा है।

पर्यटन व्यवसायियों के अनुसार, गुरुवार, 1 जनवरी 2026 को नए वर्ष के अवसर पर सांकरी में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि बीते 24 दिसंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सांकरी दौरे और उनके द्वारा केदारकांठा-सांकरी क्षेत्र को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख ट्रैकिंग डेस्टिनेशन के रूप में प्रस्तुत किए जाने के बाद पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई है।

मुख्यमंत्री के दौरे का असर नए वर्ष पर साफ तौर पर देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में ट्रैकर्स और सैलानी सांकरी पहुंचे। होटल और होम-स्टे लगभग पूरी तरह बुक नजर आए, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
हालांकि, इस बीच पर्यटकों के चेहरों पर हल्की मायूसी भी दिखाई दी, क्योंकि अभी तक क्षेत्र में बर्फबारी नहीं हुई है। केदारकांठा ट्रैक अपनी बर्फीली खूबसूरती के लिए जाना जाता है और अधिकांश पर्यटक बर्फ से ढके पहाड़ों की उम्मीद लेकर यहां पहुंचे हैं।

सांकरी के पर्यटन व्यवसायी चेन सिंह रावत का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद पर्यटकों की संख्या में स्पष्ट बढ़ोतरी हुई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, गाइडों, पोर्टरों और होटल संचालकों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौसम के करवट बदलते ही बर्फबारी होगी और आने वाले दिनों में केदारकांठा-सांकरी क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या और अधिक बढ़ेगी।

https://itreesoftwares.in/filmitics/big-revelation-in-the-encounter-between-police-and-criminals-fraud-of-rs-10-lakh-exposed/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here