Home Uttar Pradesh बसन्तकुंज योजना में बनेगा मेट्रो का कास्टिंग यार्ड, एलडीए देगा 12.5 हेक्टेयर...

बसन्तकुंज योजना में बनेगा मेट्रो का कास्टिंग यार्ड, एलडीए देगा 12.5 हेक्टेयर जमीन

35
0

ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर को मिलेगी रफ्तार, एलडीए–मेट्रो अधिकारियों की अहम बैठक

लखनऊ। लखनऊ मेट्रो के ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर परियोजना को गति देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बड़ा फैसला लिया है। बसन्तकुंज योजना में मेट्रो के अस्थायी कास्टिंग यार्ड के निर्माण के लिए एलडीए 12.5 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराएगा। इस संबंध में एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को मेट्रो अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावों की समीक्षा की।

बसन्तकुंज और प्रबंध नगर योजना की भूमि होगी हस्तांतरित

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बसन्तकुंज योजना के सेक्टर–के में 6 हेक्टेयर भूमि और राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए प्रबंध नगर योजना में विकसित की गई 6.5 हेक्टेयर अस्थायी पार्किंग भूमि को चिन्हित किया गया है। सहमति बनने के बाद यह भूमि लखनऊ मेट्रो को अस्थायी कास्टिंग यार्ड के लिए हस्तांतरित कर दी जाएगी।

मेट्रो डिपो के लिए 18 हेक्टेयर भूमि चिन्हित

बैठक में मेट्रो डिपो के निर्माण को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। बसन्तकुंज योजना के सेक्टर–ए के दक्षिणी भाग में लगभग 18 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है, जिसमें दुबग्गा मछली मंडी की भूमि भी शामिल है। इसके बदले आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित वरुण विहार योजना में मछली मंडी के लिए समकक्ष भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।

चौक, चारबाग और गौतम बुद्ध मार्ग पर भी भूमि की मांग

मेट्रो अधिकारियों ने चौक, चारबाग, गौतम बुद्ध मार्ग सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भी भूमि उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया। इस पर एलडीए उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित स्थलों का शीघ्र सर्वे कर भूमि हस्तांतरण की एनओसी जारी की जाए।

नगर निगम भूमि के रिकॉर्ड एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश

जो प्रस्ताव नगर निगम के स्वामित्व वाली भूमि से संबंधित हैं, उनके रिकॉर्ड एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मेट्रो परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी, मुख्य नगर नियोजक के.के. गौतम, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा सहित एलडीए और लखनऊ मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here