बदायूं जनपद के उसहैत थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घसनगला गांव में अवैध संबंधों के शक में एक युवक की उसके ही फुफेरे भाई द्वारा बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
मृतक की पहचान कमलकिशोर पुत्र मुन्ना लाल, निवासी रहमुद्दी नगर, थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने उसहैत थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस आरोपियों से साठगांठ कर उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। इसको लेकर परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, कमलकिशोर घसनगला गांव में एक लड़की को मोबाइल देने के लिए गया था। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने उसे देख लिया और शक के चलते उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल उसहैत थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।




