इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की धूम मची हुई है और घरेलू क्रिकेट में बड़े सितारे शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसी कड़ी में 3 जनवरी को राजकोट में खेले गए मुकाबले में बड़ौदा के लिए मैदान पर उतरे भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। हार्दिक ने विदर्भ के खिलाफ तूफानी शतक जड़ते हुए यह साफ कर दिया कि वह टी20 विश्व कप 2026 से पहले पूरी तरह फिट और तैयार हैं।
मैच के दौरान बड़ौदा की स्थिति बेहद खराब थी। टीम एक समय 6 विकेट पर सिर्फ 136 रन के स्कोर पर सिमटती नजर आ रही थी। ऐसे नाजुक मौके पर सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या ने पारी को संभालने के साथ-साथ आक्रामक रुख अपनाया और विपक्षी गेंदबाजों पर जबरदस्त दबाव बना दिया।
हार्दिक पांड्या ने मात्र 68 गेंदों में शतक पूरा किया और अंत तक 93 गेंदों में 133 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। मैदान के चारों ओर लगाए गए लंबे शॉट्स ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
हार्दिक की पारी का सबसे रोमांचक पल 39वां ओवर रहा, जब उन्होंने विदर्भ के स्पिनर पार्थ रेखाडे को निशाना बनाया। इस ओवर में हार्दिक ने 5 छक्के और 1 चौका लगाते हुए कुल 34 रन बटोरे। वह एक ओवर में छह छक्के लगाने के ऐतिहासिक रिकॉर्ड से भले ही चूक गए, लेकिन उनका यह तूफानी अंदाज लंबे समय तक याद रखा जाएगा। यह मुकाबला हार्दिक पांड्या का विजय हजारे ट्रॉफी में इस सीजन का पहला मैच था और इसी के साथ उन्होंने अपने 119वें लिस्ट ए मैच में पहला शतक जड़ने का कारनामा कर दिखाया। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत बड़ौदा ने 9 विकेट पर 293 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।


