बुलंदशहर जनपद के नीमखेड़ा गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेता व पूर्व बुलंदशहर सदर विधायक मरहूम हाजी अलीम के भतीजे सुफियान की हत्या कर दी गई। इस घटना में उनका दूसरा भतीजा अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुफियान और अकरम नीमखेड़ा गांव स्थित करीब 22 बीघा आम के बाग को देखने गए थे, जिसे वे खरीदना चाहते थे। बताया जा रहा है कि इस बाग को लेकर पहले से ही कई अन्य लोग भी सौदे में रुचि ले रहे थे। इसी दौरान मौके पर पहुंचे अन्य पक्ष के लोगों से सुफियान और अकरम का विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मारपीट के दौरान सुफियान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के अनुसार मृतक की लाइसेंसी पिस्टल भी घटनास्थल से गायब पाई गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
इस मामले में एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि “नीमखेड़ा गांव में आम के बाग को लेकर हुए विवाद में मारपीट की घटना सामने आई है। इसमें सुफियान की मौत हो गई और अकरम घायल हैं। मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।” पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


