रामपुर कोर्ट में आज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान और उनके परिवार के लिए दिन बेहद अहम है। कानूनी मोर्चे पर आज एक साथ कई बड़े मामलों में सुनवाई होने से राजनीतिक और न्यायिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
रामपुर की विभिन्न अदालतों में आज तीन प्रमुख मामलों—दो पैन कार्ड केस, दो पासपोर्ट केस और चर्चित डूंगरपुर (यतीमखाना) प्रकरण—पर सुनवाई होनी है। इन सभी मामलों में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की भूमिका केंद्र में है।
दो पैन कार्ड मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा नवंबर 2025 में सुनाई गई 7 साल की सजा के खिलाफ आजम खान और अब्दुल्ला आजम ने सत्र न्यायालय में अपील दायर की थी। इस अपील पर विस्तार से सुनवाई के लिए अदालत ने आज, 7 जनवरी 2026 की तारीख तय की है। माना जा रहा है कि आज बचाव पक्ष सजा पर रोक लगाने की मांग कर सकता है।
वहीं, अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दर्ज दो पासपोर्ट मामलों में भी आज सुनवाई होनी है। दिसंबर 2025 में इन मामलों में उन्हें 7 साल की सजा सुनाई गई थी, जिसे सत्र न्यायालय में चुनौती दी गई है। अदालत ने आज इस अपील पर अभियोजन पक्ष से जवाब मांगा है।
इसके अलावा रामपुर के चर्चित डूंगरपुर बस्ती (यतीमखाना) मामले में भी आज सुनवाई निर्धारित है। इस प्रकरण में पहले सुनवाई टल चुकी थी, जिसके बाद कोर्ट ने 7 जनवरी की नई तारीख तय की थी। यह मामला घरों को जबरन खाली कराने और लूटपाट जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ा है।





