देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का प्रस्तावित उत्तर प्रदेश दौरा खराब मौसम के कारण निरस्त कर दिया गया है। लगातार बदलते मौसम और संभावित जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने यह एहतियाती फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा आज निर्धारित था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, मौसम विभाग ने उत्तराखंड और आसपास के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसी अलर्ट के मद्देनज़र मुख्यमंत्री के दौरे को स्थगित करने का निर्णय लिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
दौरा निरस्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून में ही रहेंगे और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों का निस्तारण करेंगे। इस दौरान वह सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठकें कर विभिन्न विकास कार्यों और प्रशासनिक मामलों की समीक्षा भी करेंगे।

