अयोध्या। भाजपा के फायर ब्रांड नेता और फैजाबाद के पूर्व सांसद विनय कटियार ने एक बार फिर सक्रिय राजनीति में वापसी के संकेत दे दिए हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विनय कटियार के बयान ने भाजपा के भीतर सियासी हलचल तेज कर दी है। विनय कटियार ने साफ शब्दों में कहा, “फिर मैदान-ए-जंग में आएंगे, मेरी तैयारी हमेशा रहती है।”
उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव में उतरने की खुली ललकार के तौर पर देखा जा रहा है। बीते दिनों प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से हुई मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर विनय कटियार ने कहा कि यह सिर्फ एक औपचारिक भेंट और मुलाकात थी। हालांकि 2027 में उनकी भूमिका और चुनाव लड़ने को लेकर जब उनसे सीधा सवाल किया गया तो उन्होंने बड़ा संकेत देते हुए कहा, “राम जन्मभूमि का मामला है, तो स्वाभाविक सी बात है कि डंका यहीं से बजेगा।”
राजनीति से लंबे समय से दूरी बनाए रखने के बावजूद विनय कटियार के इस ऐलान ने अयोध्या-फैजाबाद सीट पर भाजपा के कई दावेदारों की बेचैनी बढ़ा दी है। विनय कटियार ने दो टूक कहा,
“राम जन्मभूमि मेरी कर्मभूमि है।”
इस बयान के साथ उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि 2027 में अयोध्या से चुनावी ताल ठोकने की पूरी तैयारी में हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा नेतृत्व विनय कटियार की इस वापसी को किस तरह से राजनीतिक रणनीति में शामिल करता है, लेकिन इतना तय है कि अयोध्या की सियासत में एक बार फिर गर्माहट बढ़ गई है।





