मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व हिन्दी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और सभी हिन्दी प्रेमियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हिन्दी हमारी राष्ट्रीय एकता, समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का सशक्त दर्पण है। यह भाषा न केवल भारत की पहचान है, बल्कि संपूर्ण विश्व में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक समुदाय में विशेष सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि हिन्दी की सरलता, सहजता और अभिव्यक्ति की शक्ति ने इसे जन-जन की भाषा बनाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे हिन्दी के उत्थान और प्रसार को अपना साझा दायित्व मानते हुए इसे अपनी दिनचर्या, संवाद और कार्य संस्कृति में अधिकाधिक स्थान दें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिन्दी भाषा का संरक्षण और संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



