Home Prayagraj माघ मेले में सतुआ बाबा का अनोखा अंदाज़, लग्जरी कार और ब्रांडेड...

माघ मेले में सतुआ बाबा का अनोखा अंदाज़, लग्जरी कार और ब्रांडेड चश्मा बना आकर्षण

83
0

संगम की पावन धरती प्रयागराज में माघ मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। देशभर से साधु-संत यहां पहुंचकर साधना और अध्यात्म में लीन हैं, इसी बीच साधु-संतों के हाईटेक शिविर, आधुनिक सुविधाएं और लग्जरी साधन लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं, इन्हीं चर्चाओं के केंद्र में इन दिनों माघ मेले में पहुंचे युवा संत सतुआ बाबा हैं।

पीठ काशी के पीठाधीश्वर जगतगुरु महामंडलेश्वर संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा अपने सादे पहनावे के साथ-साथ ब्रांडेड चश्मे और लग्जरी कार को लेकर सुर्खियों में हैं, बाबा साधारण वेशभूषा में नजर आते हैं, लेकिन उनकी आंखों पर लगा रे-बैन का चश्मा और शिविर के बाहर खड़ी महंगी कार हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।

माघ मेले के खाक चौक क्षेत्र में सतुआ बाबा के शिविर के बाहर खड़ी लैंड रोवर डिफेंडर कार श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, बताया जा रहा है कि यह माघ मेले में मौजूद साधु-संतों की सबसे महंगी कार है, इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 85 लाख रुपये बताई जा रही है, जो रजिस्ट्रेशन और अन्य खर्च जोड़ने के बाद 3 करोड़ रुपये से अधिक हो जाती है।

जानकारी के मुताबिक इस लग्जरी कार का रजिस्ट्रेशन उत्तराखंड के हरिद्वार आरटीओ से कराया गया है, जैसे-जैसे श्रद्धालुओं को कार की कीमत और खासियत की जानकारी मिल रही है, वैसे-वैसे लोग कार के पास पहुंचकर फोटो और सेल्फी लेने लगे हैं। कई श्रद्धालु तो सिर्फ इस कार को देखने के लिए ही बाबा के शिविर तक पहुंच रहे हैं।

जब मीडिया ने सतुआ बाबा से इस लग्जरी कार और उसकी कीमत को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बेहद सहज अंदाज़ में जवाब दिया, बाबा ने कहा कि उन्हें कार की कीमत की ज्यादा जानकारी नहीं है और इच्छुक लोग गूगल पर देखकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं हालांकि, इस पूरे मामले पर बाबा किसी भी तरह की विस्तृत टिप्पणी से बचते नजर आए।

इस बार माघ मेले में कई साधु-संतों के हाईटेक शिविर, आधुनिक व्यवस्थाएं और लग्जरी साधन देखने को मिल रहे हैं। जहां कुछ लोग इसे समय के साथ बदलाव मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे चर्चा और आकर्षण का माध्यम बता रहे हैं।

फिलहाल माघ मेले में सतुआ बाबा अपने प्रवचनों के साथ-साथ अपने स्टाइल और लग्जरी कार की वजह से भी चर्चा में हैं, ब्रांडेड चश्मा, महंगी कार और साधारण वेश का यह अनोखा मेल सतुआ बाबा को माघ मेले का एक अलग ही आकर्षण बना रहा है, श्रद्धालु और पर्यटक बड़ी संख्या में उनके शिविर की ओर खिंचे चले आ रहे हैं और दर्शन के साथ-साथ महंगी कार के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं।

https://itreesoftwares.in/filmitics/there-is-an-arena-of-strongmen-in-the-story-of-brijbhushan-but-raja-bhaiya-kept-away/

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here