Home Prayagraj माघ मेला प्रयागराज 2026 में जेल उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन

माघ मेला प्रयागराज 2026 में जेल उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन

91
0

बंदियों द्वारा निर्मित उत्पाद बने आकर्षण, श्रद्धालुओं के लिए बिक्री केंद्र शुरू

लखनऊ। माघ मेला प्रयागराज 2026 के अवसर पर कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और विक्री केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश पी.सी. मीना ने किया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान उपमहानिरीक्षक कारागार, प्रयागराज परिक्षेत्र राजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधीक्षक जिला कारागार प्रयागराज अमिता दुबे, वरिष्ठ अधीक्षक केंद्रीय कारागार नैनी प्रयागराज विजय विक्रम सिंह सहित विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

प्रदेशभर की जेलों से आए बंदियों के उत्पाद

प्रदर्शनी में प्रदेश की विभिन्न कारागारों में निरुद्ध बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को शामिल किया गया है। इन उत्पादों में कालीन, बेड रनर, पायदान, आसन, फ्लावर पॉट, चूड़ी केस, मंदिर, रीडिंग चेयर, रेहल, “सत्यमेव जयते”, अशोक स्तंभ, हवन कुंड, गमला स्टैंड सहित कई उपयोगी और सजावटी वस्तुएं शामिल हैं।

खाद्य व स्वदेशी उत्पाद भी उपलब्ध

इसके अलावा बंदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के आचार, मुरब्बा, लेदर बूट, जूते, फिनायल, साबुन तथा एलईडी डेकोरेशन लाइट्स भी बिक्री के लिए रखी गई हैं, जिन्हें श्रद्धालु खासा पसंद कर रहे हैं।

बंदियों के पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं विभाग की यह पहल बंदियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण, आत्मनिर्भरता और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से बंदियों के हुनर को पहचान और बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।

माघ मेले में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण

माघ मेला प्रयागराज में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह प्रदर्शनी एक विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे न सिर्फ बंदियों को लाभ मिल रहा है, बल्कि समाज को भी सकारात्मक संदेश मिल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here