भारतीय क्रिकेट टीम वर्ष 2026 की अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। न्यूजीलैंड की टीम तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारत पहुंच चुकी है। तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 11जनवरी को वडोदरा के बड़ौदा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस सीरीज का आगाज़ जीत के साथ करने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि न्यूजीलैंड की कमान माइकल ब्रेसवेल के हाथों में होगी। दोनों ही टीमें मजबूत संयोजन के साथ मुकाबले में उतरेंगी, जिससे दर्शकों को कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए सबसे रोमांचक पहलू यह है कि मैदान पर एक बार फिर ‘रो-को’ यानी रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी खेलते नजर आएगी। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में दोनों दिग्गजों का प्रदर्शन शानदार रहा था। रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में चमके थे, जबकि विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। वडोदरा के मैदान पर एक बार फिर फैंस को इन दोनों स्टार बल्लेबाजों से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। माना जा रहा है कि सीरीज का यह पहला मुकाबला आगे की सीरीज की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।


