उन्नाव रेप केस में दोषी ठहराए गए पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के समर्थन में आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर क्षत्रिय महासभा की न्याय महापंचायत हुई।
सैकड़ों लोग काला पट्टा बांधकर पहुंचे और सेंगर को निर्दोष बताते हुए न्याय की मांग की।अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीश सिंह ने मामले को साजिश करार देते हुए कहा कि सात साल से सामने आ रहे साक्ष्य बताते हैं कि एक “जननायक को फंसाया गया” है।
उन्होंने CBI की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि एजेंसी पहले से तय धारणा के साथ काम कर रही है। अवनीश सिंह ने कहा कि ट्रायल कोर्ट के फैसले को समाज ने माना, लेकिन हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी विरोध जारी रहना गलत है। उन्होंने पीड़िता को बहन-बेटी बताते हुए अपील की कि प्रोपेगैंडा बंद किया जाए, हालांकि सोशल मीडिया पर पहचान उजागर करने का उन्होंने कड़ा विरोध किया।
पीड़िता के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जजों पर दबाव बनाने के लिए नहीं, बल्कि न्याय की मांग है। साथ ही चेतावनी दी कि यह सिर्फ शुरुआत है, जरूरत पड़ी तो आंदोलन और तेज होगा। 2017 के इस मामले में अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है, जहां यूपी से दिल्ली तक सियासी तापमान चढ़ा हुआ है।


