घर बैठे मिनटों में पूरी करें प्रक्रिया, मतदाताओं को मिलेंगे कई बड़े फायदे
लखनऊ। मतदाता पहचान पत्र (EPIC) के साथ मोबाइल नंबर जोड़ने की प्रक्रिया अब बेहद सरल कर दी गई है। मतदाता घर बैठे कुछ ही मिनटों में यह काम ऑनलाइन कर सकते हैं। वोटर ID से मोबाइल नंबर लिंक होने पर मतदाताओं को कई महत्वपूर्ण डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिलता है।
e-EPIC तुरंत होगा डाउनलोड
अगर कोई मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराता है और आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर देता है, तो नाम जुड़ते ही (लगभग 10 से 15 दिनों में) वह अपना e-EPIC (डिजिटल वोटर ID) डाउनलोड कर सकता है। प्रिंटेड वोटर ID डाक से आने में समय लग सकता है, ऐसे में e-EPIC तुरंत पहचान पत्र के रूप में उपयोगी साबित होता है।
जब चाहें, जितनी बार चाहें डाउनलोड
मोबाइल नंबर लिंक होने के बाद मतदाता अपनी e-EPIC को कभी भी और कितनी भी बार घर बैठे डाउनलोड कर सकते हैं। इससे कार्ड खोने या खराब होने की स्थिति में दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं पड़ती।
ऑनलाइन सुधरें वोटर ID की गलतियां
वोटर लिस्ट या EPIC में नाम, पता, जन्मतिथि जैसी किसी भी त्रुटि को फॉर्म-8 के जरिए ऑनलाइन ठीक कराया जा सकता है। इसके लिए अब थानों या दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है।
पोलिंग स्टेशन की जानकारी सेकेंडों में
मोबाइल नंबर लिंक होने के बाद मतदाता
ECINET मोबाइल ऐप
electoralsearch.eci.nic.in वेबसाइट
पर अपना मोबाइल नंबर डालकर या वोटर ID कार्ड पर बने QR कोड को स्कैन कर कुछ ही सेकेंडों में अपना पोलिंग स्टेशन नंबर और मतदाता सूची में क्रमांक जान सकते हैं।
चंद मिनटों में पूरी होती है प्रक्रिया
वोटर ID से मोबाइल नंबर जोड़ने की प्रक्रिया बेहद आसान है। संलग्न चित्रों की मदद से इसे आसानी से समझा जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होते ही कुछ ही सेकेंडों में मोबाइल नंबर वोटर ID से लिंक हो जाता है।
डिजिटल और सुविधाजनक मतदान की दिशा में कदम
वोटर ID को मोबाइल नंबर से जोड़ना डिजिटल भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल मतदाताओं को सुविधा मिलती है, बल्कि चुनाव प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी और सुगम बनती है।


