वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून की सख्त कार्रवाई के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये की अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से लगभग 26.38 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 08 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपी स्थानीय नशेड़ियों को स्मैक बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक कोतवाली विकासनगर क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है, जो पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दून पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


