Home Uttar Pradesh राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का 12 जनवरी से शुभारंभ,75 जनपदों के 1651...

राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का 12 जनवरी से शुभारंभ,75 जनपदों के 1651 प्रतिभागी दिखाएंगे 20 स्किल्स में हुनर

43
0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक, रोजगारपरक और वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता का आयोजन 12 जनवरी 2026 से किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 75 जनपदों से 1651 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे और 20 विभिन्न स्किल्स में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम, नवाचारी और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता युवाओं की प्रतिभा को पहचान देने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।

उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता इंडिया स्किल्स कंपटीशन–2026 की चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली श्रेष्ठ प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की जाएगी, जो 23 जनवरी 2026 तक चलेगी। चयनित प्रतिभागियों को 24 जनवरी 2026 को आयोजित समारोह में पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
पहले चरण में 570 प्रतिभागी लेंगे हिस्सा
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन 12 एवं 13 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इसमें प्रदेश के सभी 75 जनपदों से करीब 570 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
इस चरण में एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन टेक्नोलॉजी, सीएनसी मिलिंग और सीएनसी टर्निंग सहित कुल 6 स्किल्स शामिल होंगी।

पहले दिन प्रतिभागियों को विशेषज्ञों द्वारा संबंधित स्किल का ओरिएंटेशन, वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता के प्रारूप की जानकारी और उन्नत मशीनों पर अभ्यास कराया जाएगा, जबकि 13 जनवरी को वास्तविक प्रतियोगिता आयोजित होगी। पहले चरण की प्रतियोगिता लखनऊ स्थित आईटीआई अलीगंज, आईटीआई मोहनलालगंज, आईटीओटी, रेमंड सेंटर, राजकीय पॉलिटेक्निक, आईटीआई चारबाग, पॉलिटेक्निक (महिला) एवं सीआईपीईटी सहित विभिन्न संस्थानों में आयोजित की जाएगी।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक मिलेगा अवसर
प्रत्येक चरण में प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी कौशल दक्षता, नवीनता, रचनात्मक सोच और प्रदर्शन क्षमता के आधार पर निष्पक्ष रूप से किया जाएगा। चयनित श्रेष्ठ प्रतिभाओं को न केवल राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, बल्कि उन्हें शंघाई, चीन में आयोजित होने वाली विश्व कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने का भी मौका मिल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here