वृंदावन के छटीकरा मार्ग स्थित श्री कृष्ण शरणम् आवासीय सोसायटी में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज के नाम से जुड़े फ्लैट में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग लगने की इस घटना में फिलहाल नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि आग फ्लैट के अंदरूनी हिस्से में लगी थी, जिससे जलने की तेज दुर्गंध फैल गई। आग बढ़ती देख आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग एहतियातन बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार, श्री कृष्ण शरणम् सोसायटी के गोविंदा ब्लॉक स्थित फ्लैट नंबर 212 में संत प्रेमानंद जी महाराज एक महीने पहले तक निवास करते थे। बाद में वे श्री राधा केलि कुंज आश्रम में शिफ्ट हो गए थे, जिसके बाद से उनके शिष्य उक्त फ्लैट में रह रहे हैं। इसी सोसायटी से संत प्रेमानंद जी की पदयात्रा भी निकाला करती थी।
इधर आग की सूचना मिलते ही श्री राधा केलि कुंज आश्रम से पहुंचे संत प्रेमानंद के शिष्यों पर गंभीर आरोप लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिष्यों ने मौके पर पहुंचकर फ्लैट के आसपास घेराबंदी कर ली और वीडियो बना रहे स्थानीय लोगों व मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि कई लोगों के मोबाइल फोन भी छीने गए। घटना स्थल पर पहुंचे सीओ सदर प्रीतमपाल सिंह और कोतवाली प्रभारी संजय पांडे को भी स्थिति की जानकारी लेने से रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मीडियाकर्मियों के मोबाइल फोन वापस कराए गए।




