भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और बीजेपी सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के बीच जुबानी जंग तेज़ हो गई है। हाल ही में निरहुआ ने खेसारी के एक पुराने बयान को लेकर उनकी मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह बीजेपी में शामिल होने के लायक नहीं हैं। अब खेसारी ने इस बयान पर कड़ा पलटवार किया है।दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान खेसारी लाल यादव ने कहा था कि “अपराधी का भी परिवार होता है।” इस बयान को लेकर उनकी काफी आलोचना हुई थी।
इसी मुद्दे को उठाते हुए निरहुआ ने खेसारी की सोच को गलत बताया और उन्हें बीजेपी के लिए अयोग्य करार दिया।इस पर जवाब देते हुए खेसारी ने साफ कहा,“मैं बीजेपी के लायक हूं या नहीं, यह तय करने वाले निरहुआ नहीं हैं। वह पार्टी के अध्यक्ष नहीं हैं। शायद उन्हें यह भी नहीं पता होगा कि मुझे बीजेपी से कितने ऑफर मिल चुके हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि लोग पूरी बात जाने बिना व्हाट्सऐप के मैसेज पढ़कर राय बना लेते हैं।
राजनीति में आने के सवाल पर खेसारी ने फिलहाल किसी भी तरह की राजनीतिक एंट्री से इनकार किया। तंज कसते हुए उन्होंने कहा,“सच बोलने वाले लोग राजनीति में सफल नहीं होते। राजनीति उनके लिए है जो झूठे वादे कर सकते हैं और उन्हीं के सहारे जिंदगी चला सकते हैं।”निरहुआ की ओर से खेसारी के बिहार छोड़कर मुंबई जाने पर की गई टिप्पणी पर भी उन्होंने पलटवार किया। खेसारी बोले,“छपरा में कौन-सी फिल्म सिटी बनी है? मेरा काम मुंबई में है, परिवार वहीं रहता है। अगर मुंबई नहीं जाऊंगा तो दो वक्त की रोटी कैसे कमाऊंगा?” उन्होंने आगे कहा कि संगीत ही उनकी पहचान है और छपरा की मदद भी तभी कर पाएंगे जब बाहर जाकर मेहनत और कमाई करें





