पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्र की जांच एजेंसी ईडी (ED) के बीच चल रहे टकराव के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर उनके समर्थन में उतर आए हैं। बलिया जिले के भीमपुरा में एक निजी स्कूल के कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मीडिया से बातचीत में ममता बनर्जी के नेतृत्व की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में कुशल नेतृत्व दिया है। एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए उन्होंने समाज में अपनी मजबूत छवि बनाई है। राजभर ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में नॉन-बंगाली, खासकर यूपी और बिहार के लोगों को कोई खतरा नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि ममता बनर्जी को ईडी की जांच में सहयोग करना चाहिए।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वे ममता बनर्जी को एक मुख्यमंत्री के रूप में देखते हैं, जिन्होंने अपने नेतृत्व से राज्य को दिशा दी है। ईडी की कार्रवाई को लेकर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान पर उनकी यह टिप्पणी अहम मानी जा रही है। यूपी में होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव अपने निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस समय अधिकारी और कर्मचारी SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के काम में लगे हुए हैं। 6 फरवरी तक SIR का कार्य पूरा हो जाएगा, इसके बाद सभी अधिकारी चुनावी प्रक्रिया में जुट जाएंगे।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव द्वारा लालू यादव को भारत रत्न देने की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि भारत रत्न मांगने से नहीं मिलता। यह सम्मान देश और समाज के लिए किए गए योगदान के आधार पर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि लालू यादव खुद चारा घोटाले में फंसे रहे हैं।



