Home Uttar Pradesh मेला तैयारियों की समीक्षा: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

मेला तैयारियों की समीक्षा: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

35
0

इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने लिया जायजा

लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में बैठक कर मेला क्षेत्र की तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष निर्देश

मंत्री एके शर्मा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, रैन बसेरे और अलाव की व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने कहा कि ठंड और भीड़ को देखते हुए मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

भीड़ प्रबंधन और साइनेज पर विशेष जोर

बैठक में मंत्री शर्मा ने भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त और स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों, चिकित्सा केंद्रों, मार्गों और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

रेहड़ी-पटरी वालों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश

मंत्री एके शर्मा ने स्पष्ट किया कि रेहड़ी-पटरी वाले मेला और त्योहारों की आत्मा हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण के नाम पर उन्हें अनावश्यक रूप से न हटाया जाए। प्रशासन को आजीविका और व्यवस्था के बीच संतुलन बनाते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने को कहा गया।

10 जनवरी तक एक करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान

मेलाधिकारी ऋषिराज ने जानकारी दी कि 10 जनवरी तक करीब एक करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर लगभग डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान की संभावना है। 14 से 18 जनवरी के बीच सबसे अधिक दबाव रहने की आशंका को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत, 80 एम्बुलेंस तैनात

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए मेलाधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में ‘त्रिवेणी’ और ‘गंगा’ नाम से दो बड़े अस्पताल स्थापित किए गए हैं, जिनमें एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध है। अब तक 31,651 ओपीडी पंजीकरण हो चुके हैं। इसके अलावा 80 एम्बुलेंस और 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह सक्रिय हैं।

सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक कंट्रोल की समीक्षा

प्रमुख स्नान पर्वों को देखते हुए एसपी मेला ने मंत्री को सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल रूम, अग्निशमन व्यवस्था और साइबर क्राइम से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने निर्देश दिए कि हर स्तर पर सतर्कता और समन्वय बनाए रखा जाए।

आईसीसीसी का निरीक्षण, अधिकारियों को सख्त निर्देश

बैठक के बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने आई ट्रिपल सी (ICCC) का निरीक्षण किया और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित मेला अनुभव मिल सके।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान मेलाधिकारी ऋषिराज, विशेष सचिव नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार सहित नगर विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here