“कर्ज लेकर घी पीना” वाली कहावत आज के डिजिटल दौर में एक बार फिर सच होती नजर आ रही है। फर्क सिर्फ इतना है कि अब लोग घी नहीं, बल्कि नए साल का जश्न मनाने के लिए कर्ज ले रहे हैं।
गौतमबुद्धनगर जिले में युवाओं ने 2026 के स्वागत के लिए जमकर खर्च किया। 25 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 के बीच क्रेडिट कार्ड, नो-कॉस्ट ईएमआई और ‘बाय नाउ, पे लेटर’ (BNPL) जैसे डिजिटल तरीकों से 14 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर दिए गए। सिर्फ एक हफ्ते में 23,858 युवाओं ने लोन लिया, जबकि कुछ बैंकों का डेटा अभी आना बाकी है। माना जा रहा है कि यूपी के किसी और जिले में इतने बड़े पैमाने पर युवाओं ने जश्न के लिए कर्ज नहीं लिया होगा।
होटलों और बार की नाइट पार्टियां, क्लब एंट्री पास, ऑनलाइन केक ऑर्डर और नाइट आउट पार्टी ने युवाओं की जेब पर भारी असर डाला। फोनपे, यूपीआई और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए किसी ने छह महीने तो किसी ने एक साल के लिए कर्ज लिया है। अब फरवरी से इनकी ईएमआई भी शुरू होने वाली है।
जिले के लीड बैंक मैनेजर राजेश कठेरिया के मुताबिक, भावनाओं में किया गया खर्च अक्सर लोगों को नए साल की शुरुआत कर्ज के साथ करने पर मजबूर कर देता है।


