Home Political news दिल्ली से डोर न कट जाए अखिलेश यादव का योगी सरकार के...

दिल्ली से डोर न कट जाए अखिलेश यादव का योगी सरकार के मंत्री पर तंज

54
0

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के एक मंत्री को उनके ही बयान को लेकर सोशल मीडिया के ज़रिये जमकर घेरा है। अखिलेश ने इशारों-इशारों में दिल्ली की सत्ता का ज़िक्र करते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कहीं ऐसा न हो कि मंत्री का यह बयान उल्टा उन्हीं पर भारी पड़ जाए और ऊपर तक पहुंचते ही उनकी “डोर” कट जाए।

दरअसल, यूपी सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह द्वारा अभिनेता सलमान खान पर दिए गए विवादित बयान के बाद सियासी घमासान मच गया है। इस मुद्दे को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर सीधा हमला बोला और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर तीखी प्रतिक्रिया दी। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा कि मंत्री जी शायद यह “सामान्य जानकारी” भूल गए हैं कि कुछ साल पहले उनके सर्वेसर्वा खुद अभिनेता सलमान खान के साथ पतंग उड़ाते नज़र आए थे।

उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि कहीं ऐसा न हो कि यह बयान दिल्ली तक पहुंच जाए और मंत्री जी की डोर वहीं से काट दी जाए।अखिलेश ने आगे यह भी कहा कि संभव है यह बयान जानबूझकर दिया गया हो, क्योंकि मंत्री जी को पहले से ही यह अंदेशा रहा हो कि उनकी छुट्टी कभी भी हो सकती है।गौरतलब है कि अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले ठाकुर रघुराज सिंह ने सलमान खान को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने अभिनेता को देशद्रोही बताते हुए कहा था कि सलमान खान को भारत से ज्यादा पाकिस्तान से लगाव है। मंत्री के अनुसार, सलमान खान हिंदुस्तान में कमाई करते हैं, लेकिन समर्थन पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों को देते हैं। रघुराज सिंह ने यहां तक कह दिया था कि सलमान खान को फांसी की सजा दी जानी चाहिए।इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयान-प्रतिबयान का दौर तेज हो गया है और मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here