लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज चंदौली के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह चंदौली में प्रस्तावित एकीकृत न्यायालय परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम प्रदेश की न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
चंदौली से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चंदौली, महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस और औरैया जनपदों में बनने वाले एकीकृत न्यायालय परिसरों का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से न्यायिक सुविधाओं का विस्तार होगा और आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं पारदर्शी न्याय व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संयुक्त रूप से इन महत्वपूर्ण न्यायिक भवनों का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम आज सुबह 10 बजे चंदौली स्थित एकीकृत न्यायालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। चंदौली में बनने वाला एकीकृत न्यायालय परिसर करीब 286 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।
यह 9 मंजिला अत्याधुनिक भवन होगा, जिसमें 37 न्यायालय कक्ष, अधिवक्ताओं के लिए सुसज्जित चैंबर, भव्य सभागार, पार्क, फूड कोर्ट और पर्याप्त पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
राज्य सरकार का मानना है कि एकीकृत न्यायालय परिसरों के निर्माण से न्यायालयों से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इससे न केवल न्यायिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि वादकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों को भी बेहतर और सुव्यवस्थित वातावरण मिलेगा।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चंदौली दौरे के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर प्रदेश में विकास, सुशासन और सशक्त न्याय व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश देंगे।



