Home Prayagraj प्रयागराज माघ मेले में छाए ‘गूगल गोल्डन बाबा’, 5 करोड़ के सोने...

प्रयागराज माघ मेले में छाए ‘गूगल गोल्डन बाबा’, 5 करोड़ के सोने और योगी के लिए संकल्प ने खींचा ध्यान

60
0

प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में कानपुर से आए ‘गूगल गोल्डन बाबा’ स्वामी मनोजानंद महाराज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, अपनी अनोखी वेशभूषा, करीब 5 करोड़ रुपये के स्वर्ण आभूषण, सिर पर चांदी का मुकुट और हाथ में सोने के लड्डू गोपाल के कारण बाबा जहां भी जाते हैं, वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ती है।

आस्था और वैभव का अनोखा संगम

गूगल गोल्डन बाबा के गले में सोने-चांदी से बना भारी शंख, हाथों में करोड़ों के कंगन और दसों उंगलियों में देवी-देवताओं की आकृतियों वाली सोने की अंगूठियां हैं, बाबा का दावा है कि उनके शरीर पर पहने गए सोने-चांदी के आभूषणों की कुल कीमत करीब 5 करोड़ रुपये है, वे भोजन और जल के लिए भी केवल चांदी के बर्तनों का ही उपयोग करते हैं।

सीएम योगी के लिए लिया कठोर संकल्प

स्वामी मनोजानंद महाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जबरदस्त प्रशंसक हैं, उन्होंने संकल्प लिया है कि जब तक योगी आदित्यनाथ देश के प्रधानमंत्री नहीं बन जाते, तब तक वे नंगे पैर रहेंगे, बाबा ने बताया कि इस संकल्प से पहले वे 5 लाख रुपये की चांदी की चप्पलें पहनते थे, लेकिन अब उन्होंने जूते-चप्पल पूरी तरह त्याग दिए हैं। उनके चांदी के मुकुट पर भी सीएम योगी की तस्वीर लगी हुई है।

क्यों कहलाते हैं ‘गूगल गोल्डन बाबा’?

अपने अनोखे नाम को लेकर बाबा कहते हैं कि जैसे ही लोग उन्हें गूगल पर सर्च करते हैं, वे सामने आ जाते हैं, इसलिए लोग उन्हें ‘गूगल गोल्डन बाबा’ कहने लगे, बाबा पिछले 20 वर्षों से इसी स्वर्णमयी वेशभूषा में रहते आ रहे हैं और 8 साल से लगातार माघ मेले में भाग ले रहे हैं, वर्तमान में वे माघ मेले के सेक्टर-2 में अपने शिविर में ठहरे हुए हैं।

क्षत्रिय परंपरा से जुड़ा वैभव

आमतौर पर साधु-संत सादगी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन मनोजानंद महाराज का कहना है कि वे एक संपन्न क्षत्रिय परिवार से आते हैं, जहां सोना पहनना परंपरा, शौर्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, उनके अनुसार, यह गहने दिखावा नहीं बल्कि उनकी पारिवारिक परंपरा का हिस्सा हैं।

सुरक्षा की नहीं चिंता, ‘लड्डू गोपाल’ पर विश्वास

करोड़ों का सोना पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमने को लेकर जब उनसे सुरक्षा के बारे में पूछा गया, तो बाबा ने कहा कि उन्हें किसी पुलिस या सुरक्षा गार्ड की जरूरत नहीं है, उनके अनुसार, उनके हाथ में मौजूद सोने के लड्डू गोपाल ही उनके सबसे बड़े रक्षक हैं और उन्हीं की कृपा से वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here