प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आम आदमी पार्टी ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। पार्टी की पदयात्रा के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए न सिर्फ रोजगार का मुद्दा उठाया, बल्कि 2027 को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान भी कर दिया।
संजय सिंह ने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी से त्रस्त है, लेकिन सरकार के पास न नौकरी है, न कोई ठोस योजना। उन्होंने दो टूक कहा “सरकार या तो हर युवा को रोजगार दे, या फिर हर महीने 10 हजार रुपये देने की गारंटी करे।”
उनका कहना था कि यह कोई भीख नहीं, बल्कि युवाओं का हक है, जो सरकार उनसे छीन रही है।
- बागेश्वर बाबा के बयान पर तीखा हमला
पदयात्रा के दौरान संजय सिंह ने बागेश्वर बाबा के एक बयान पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “अगर रसखान को पढ़ा होता तो ऐसे बयान नहीं दिए जाते,जावेद-नावेद जैसे शब्द किसी शास्त्री के मुंह से शोभा नहीं देते।”
संजय सिंह ने इसे समाज को बांटने वाली भाषा करार देते हुए कहा कि धर्म के नाम पर नफरत फैलाने वालों को जनता जवाब देगी।

- मणिकर्णिका मामले में FIR पर प्रतिक्रिया
मणिकर्णिका घाट से जुड़े विवाद और दर्ज एफआईआर पर संजय सिंह ने साफ कहा कि “जो लोग इस पवित्र स्थल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, उनके खिलाफ मैं खुद मुकदमा दर्ज कराऊंगा।”
उन्होंने इसे आस्था और विरासत पर हमला बताते हुए प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
2027 को लेकर सियासी संकेत
संजय सिंह ने वाराणसी से यह भी स्पष्ट कर दिया कि आम आदमी पार्टी अब उत्तर प्रदेश में सिर्फ मौजूदगी नहीं, बल्कि सत्ता की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि 2027 में जनता बेरोजगारी, महंगाई और झूठे वादों का हिसाब लेगी और बदलाव तय है।
मोदी के गढ़ में बढ़ी सियासी हलचल
प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में आम आदमी पार्टी की इस आक्रामक पदयात्रा और संजय सिंह के बयानों ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। रोजगार, धार्मिक बयानबाज़ी और आस्था से जुड़े मुद्दों को एक साथ उठाकर आप ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में वाराणसी की राजनीति और ज्यादा गरमाने वाली है।


