बहराइच। जनपद बहराइच के कोतवाली देहात क्षेत्र में सड़क किनारे सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्जनों अवैध मजारों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के सामने सरकारी जमीन पर सबसे पहले “अस्ताना रसूल शाह” के नाम से एक मजार बनाई गई थी। इसके बाद उसी स्थान पर एक के बाद एक कर दर्जनों मजारें स्थापित कर दी गईं, जिससे सड़क और मेडिकल कॉलेज के बीच बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो गया।
प्रशासन का कहना है कि इन अवैध मजारों को हटाने के लिए संबंधित मुस्लिम पक्ष को कई बार नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई थी और पत्राचार भी किया गया था। बावजूद इसके जब अतिक्रमण स्वेच्छा से नहीं हटाया गया, तो प्रशासन ने आज सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर से सभी मजारों को ध्वस्त करा दिया।
इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार ने बताया कि सड़क और मेडिकल कॉलेज के बीच सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर दर्जनों मजारें बनाई गई थीं। संबंधित पक्ष को बार-बार चेतावनी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए भारी सुरक्षा के बीच यह अभियान चलाया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।






