समाजवादी पार्टी की मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद प्रिया सरोज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वायरल वीडियो में सपा सांसद काफी असहज नजर आ रही हैं, वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स मंच पर आकर उनके पास बैठ जाता है और उनके बेहद करीब आकर बातचीत करने की कोशिश करता है, जिससे सांसद असहज हो जाती हैं।
कहां का है वायरल वीडियो?
मिली जानकारी के अनुसार, यह वीडियो जौनपुर जिले की केराकत विधानसभा क्षेत्र का बताया जा रहा है, बताया जा रहा है कि 19 जनवरी को यहां आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में सपा सांसद प्रिया सरोज मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंची थीं, कार्यक्रम के दौरान जब वह मंच पर बैठी थीं, तभी एक व्यक्ति, जिसे उनका समर्थक बताया जा रहा है, मंच पर आकर उनके पास बैठ गया।
करीब बैठकर कान में कहने लगा बात
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह शख्स पहले सपा सांसद प्रिया सरोज के पैर छूता है और फिर उनके काफी नजदीक बैठकर उनके कान में कुछ कहने लगता है, इस दौरान सांसद बार-बार असहज होती नजर आती हैं, बताया जा रहा है कि प्रिया सरोज ने उससे थोड़ी दूरी बनाकर बैठने को भी कहा, लेकिन उस व्यक्ति पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा।
पीछे बैठे व्यक्ति ने उठने को कहा
जब स्थिति असहज होती चली गई, तो मंच पर पीछे बैठे एक अन्य व्यक्ति ने उस शख्स को वहां से उठने के लिए कहा इसी दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अब तक नहीं आया सांसद का बयान
इस मामले को लेकर फिलहाल सपा सांसद प्रिया सरोज की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है वहीं, उन्हें असहज करने वाले समर्थक की पहचान भी अब तक नहीं हो सकी है।
क्रिकेटर रिंकू सिंह की मंगेतर हैं प्रिया सरोज
गौरतलब है कि प्रिया सरोज ने महज 25 साल की उम्र में सांसद बनकर सबका ध्यान खींचा था। हाल ही में उनकी सगाई भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह से हुई है और जल्द ही दोनों के विवाह की चर्चा भी चल रही है।
राजनीतिक परिवार से हैं प्रिया सरोज
प्रिया सरोज एक राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं, उनके पिता तूफानी सरोज तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में समाजवादी पार्टी के विधायक हैं,मछलीशहर क्षेत्र लंबे समय से तूफानी सरोज का राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है।





