Home Cricket बांग्लादेश ने भारत में T20 विश्व कप खेलने से किया इनकार

बांग्लादेश ने भारत में T20 विश्व कप खेलने से किया इनकार

28
0

भारत में होने वाले आगामी T20 विश्व कप को लेकर चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साफ कर दिया है कि वह भारत में आयोजित होने वाले T20 विश्व कप में हिस्सा नहीं लेगा। यह फैसला ICC द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट कराने के निर्णय के बाद लिया गया है।

दरअसल, ICC ने बांग्लादेश को यह स्पष्ट कर दिया था कि विश्व कप अपने तय शेड्यूल और मेजबान देश में ही खेला जाएगा। बोर्ड ने बांग्लादेश से 24 घंटे के भीतर अंतिम रुख बताने को कहा था। इसी समयसीमा के भीतर BCB ने अपनी सरकार, खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सलाहकारों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। विचार-विमर्श के बाद यह तय किया गया कि बांग्लादेश भारत में खेले जाने वाले T20 विश्व कप से बाहर रहेगा।

ICC ने इस मुद्दे पर टेस्ट दर्जा प्राप्त 12 देशों और चार एसोसिएट सदस्यों की एक अहम बैठक बुलाई थी। बैठक में वोटिंग के बाद 14-2 के बहुमत से यह निर्णय लिया गया कि विश्व कप का आयोजन पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। इसके साथ ही ICC ने बांग्लादेश की यह मांग खारिज कर दी कि उसके मुकाबले किसी तीसरे देश में कराए जाएं।

बांग्लादेश सरकार के यूथ एंड स्पोर्ट्स एडवाइजर अमिनुल इस्लाम ने इस फैसले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बांग्लादेश ICC से बातचीत जारी रखेगा। उन्होंने कहा, “हम विश्व कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में नहीं। यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। ICC के कुछ फैसले हैरान करने वाले हैं और हम उनसे सहमत नहीं हैं।” उन्होंने आगे कहा कि भारत से बाहर मैच कराने के अनुरोध को ठुकराया जाना निराशाजनक है और इससे वैश्विक क्रिकेट की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। बांग्लादेश का मानना है कि इस फैसले से करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। BCB के इस रुख के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ICC आगे क्या कदम उठाती है और क्या बांग्लादेश को मनाने की कोई कोशिश की जाती है या नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here