उत्तराखंड के हरिद्वार को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को पतंजलि इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर अस्पताल का लोकार्पण करेंगे, इसके साथ ही वे हरिद्वार में कई धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।
स्वास्थ्य सेवा, आध्यात्मिकता और संस्कृति पर फोकस

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। इस यात्रा को राज्य के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसका फोकस स्वास्थ्य सेवा, आध्यात्मिकता, भारतीय संस्कृति और समाज सेवा पर केंद्रित है, यह दौरा समग्र विकास की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें परंपरा और आधुनिकता का संतुलन शामिल है।
पतंजलि इमरजेंसी अस्पताल का उद्घाटन

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अमित शाह पतंजलि योगपीठ के महर्षि दयानंद ग्राम पहुंचेंगे, जहां वे पतंजलि इमरजेंसी और क्रिटिकल केयर अस्पताल का उद्घाटन करेंगे, इस अस्पताल के शुरू होने से हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन और गंभीर मरीजों के इलाज की सुविधाएं और मजबूत होंगी।
शांतिकुंज में प्रार्थना और संवाद
सुबह 10:45 बजे गृह मंत्री गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचेंगे, यहां वे अखंड ज्योति पर प्रार्थना करेंगे और गायत्री परिवार के सदस्यों से संवाद करेंगे, यह कार्यक्रम समाज निर्माण में गायत्री परिवार के आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान को रेखांकित करता है।
शताब्दी वर्ष समारोह में सहभागिता
इसके बाद अमित शाह हरिद्वार के बैरागी द्वीप में आयोजित विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे, यह आयोजन परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और अखंड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हो रहा है, ‘शताब्दी वर्ष समारोह 2026’ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। गृह मंत्री इस अवसर पर सभा को संबोधित करेंगे।
गीता प्रेस के शताब्दी संस्करण का विमोचन
इससे पहले बुधवार को अमित शाह ऋषिकेश के गीता भवन पहुंचे, जहां उन्होंने गीता प्रेस की मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी संस्करण का विमोचन किया, उन्होंने गीता प्रेस और ‘कल्याण’ पत्रिका की सौ वर्षों की विरासत को भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण की आधारशिला बताया।

भारतीय संस्कृति को नीति के केंद्र में रखने पर जोर
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति को राष्ट्रीय नीतियों के केंद्र में स्थान दिया जा रहा है, उन्होंने इसे गीता प्रेस के शाश्वत मिशन के अनुरूप बताया और संस्थापक हनुमान प्रसाद पोद्दार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।





