नागपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर में खेला गया, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 48 रनों से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की इस पारी में अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी देखने को मिली।

अभिषेक शर्मा ने महज 35 गेंदों में 84 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 8 शानदार छक्के जड़े। वहीं अंतिम ओवरों में रिंकू सिंह ने तेज तर्रार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में 44 रन बनाए, जिससे भारतीय टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। 239 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 190 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने सर्वाधिक 78 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
भारत की गेंदबाजी भी काफी प्रभावशाली रही। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट झटके। इसके अलावा हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 1-1 विकेट मिला।
मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने न केवल बेहतरीन बल्लेबाजी की, बल्कि फील्डिंग में भी दो शानदार कैच लपककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।


