Home Prayagraj मौनी अमावस्या स्नान विवाद: अखाड़ा परिषद ने लिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का...

मौनी अमावस्या स्नान विवाद: अखाड़ा परिषद ने लिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पक्ष

44
0

मौनी अमावस्या के अवसर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को स्नान करने से पुलिस द्वारा कथित तौर पर रोके जाने को लेकर उठे विवाद के बीच अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में सामने आई है, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने इस पूरे मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री का पक्ष लिया, बुधवार को माघ मेले के दौरान विश्व हिंदू परिषद के शिविर में आयोजित विराट संत सम्मेलन को संबोधित करते हुए महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि यदि किसी संत के साथ अन्याय होता है, तो उसे सरकार या प्रशासन से संवाद करना चाहिए, न कि सीधे मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करना चाहिए, उन्होंने कहा, “अगर हमारे साथ कोई अन्याय होता है तो हमें सरकार और अधिकारियों के पास जाना चाहिए था, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री योगी जी को गालियां देना शुरू कर दिया।”

मुख्यमंत्री भी संत हैं, उनका सम्मान जरूरी

महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि सभी संत समान होते हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं एक संत हैं। ऐसे में उनका सम्मान किया जाना चाहिए, उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम अधिकारियों या मेला प्रशासन का विरोध कर सकते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का विरोध नहीं कर सकते, अगर हम संत होकर अपने संत मुख्यमंत्री को सम्मान नहीं देंगे तो कौन देगा”, उन्होंने आगे कहा कि संतों को अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री तक शालीन तरीके से पहुंचानी चाहिए थी, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री दोनों ही संत परंपरा से जुड़े हैं और उन पर उंगली उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

संतों की भाषा पर उठाए सवाल

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि माघ मेले में शाही स्नान न होने की जानकारी सभी संतों को होती है, इसके बावजूद स्नान को लेकर मुख्यमंत्री को गालियां दी जा रही हैं, जो संतों की भाषा नहीं हो सकती, उन्होंने कहा, “ऐसे संतों से हमें दूरी बनानी पड़ेगी, मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है और हमें इस पर गर्व होना चाहिए।”

अविमुक्तेश्वरानंद लगातार कर रहे हैं आलोचना

गौरतलब है कि मौनी अमावस्या पर स्नान से रोके जाने के बाद से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मेला प्रशासन की आलोचना कर रहे हैं, इसी को लेकर अखाड़ा परिषद ने अब स्पष्ट रूप से मुख्यमंत्री के समर्थन में अपना रुख जाहिर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here