Home Uttar Pradesh ‘योगी की पाती’ में बड़ा दावा, बीमारू से ग्रोथ इंजन बना उत्तर...

‘योगी की पाती’ में बड़ा दावा, बीमारू से ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश

53
0

उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने के दावे के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रदेशवासियों के नाम बड़ा संदेश सामने आया है।गुरुवार को सीएम योगी ने ‘योगी की पाती’ शीर्षक से एक पत्र लिखकर न सिर्फ बीते वर्षों के बदलावों का लेखा-जोखा रखा, बल्कि प्रदेश के भविष्य का रोडमैप भी जनता के सामने रखा। इस पत्र में उन्होंने उत्तर प्रदेश की उस यात्रा को रेखांकित किया है, जो कभी ‘बीमारू राज्य’ कहलाता था और आज देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनने की ओर बढ़ चुका है।

पत्र की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए लिखा कि असीम संभावनाओं वाला उत्तर प्रदेश अब संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ चुका है। उन्होंने कहा कि सख्त कानून व्यवस्था और सुशासन के जरिए सत्ता के संरक्षण में पनपने वाले माफिया राज का अंत किया गया, जिससे विकास को नई रफ्तार मिली। कभी कानून-व्यवस्था के नाम पर दूर भागने वाले निवेशक आज प्रदेश में निवेश के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।

कृषि से उद्योग तक बदलाव की कहानी
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की खाद्य सुरक्षा की मजबूत रीढ़ बनकर उभरा है। ‘बीज से बाजार तक’ की व्यवस्था और रिकॉर्ड डीबीटी भुगतान ने किसानों की आय बढ़ाई है। उद्योगों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, पलायन और बेरोजगारी की समस्या अब समाप्ति की ओर है। लेबर रिफॉर्म, डी-रेगुलेशन, एमएसएमई, स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप और ओडीओपी जैसी योजनाओं ने प्रदेश को लोकल से ग्लोबल की दिशा में आगे बढ़ाया और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित किए।

Also Read- मौनी अमावस्या स्नान विवाद: अखाड़ा परिषद ने लिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पक्ष

महिलाएं, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी पर जोर
महिलाओं की श्रमबल भागीदारी में ऐतिहासिक बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक सरकार आर्थिक सहयोग दे रही है। निराश्रित महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और हेल्थ-टेक के विस्तार से स्वास्थ्य सेवाएं ज्यादा सुलभ हुई हैं। जल, थल और नभ की बेहतर कनेक्टिविटी ने व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति दी है।

संस्कृति और विरासत की पुनर्स्थापना
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा से लेकर संभल तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण की स्वर्णिम गाथा लिखी जा रही है। आज प्रदेश के त्योहारों में स्वदेशी गौरव की झलक साफ दिखाई देती है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि ‘जीरो पॉवर्टी’ लक्ष्य के तहत 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को ‘बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू’, ‘रेवेन्यू डेफिसिट से रेवेन्यू सरप्लस’ और ‘उपद्रव से उत्सव’ की दिशा में आगे बढ़ाया है।

उत्तर प्रदेश दिवस का संदेश
पत्र के अंत में सीएम योगी ने कहा कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा। यह विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासियों के संयुक्त प्रयासों से संकल्प से सिद्धि की यह यात्रा लगातार आगे बढ़ती रहेगी और सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here