समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के जन्मदिन के मौके पर सपा कार्यालय के बाहर लगाया गया एक बैनर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह पोस्टर सपा नेता मोहम्मद इखलाक द्वारा लगवाया गया है, जिसमें शिवपाल यादव के नेतृत्व, अनुभव और संघर्ष की जमकर सराहना की गई है।
बैनर में लिखे गए पंक्तियों मे लिखा है कि “27 का रण, चाचा का प्रण, अखिलेश भइया रच रहे इतिहास का क्षण समाजवाद की नई है ताल, गूंजे नभ-धरती-पाताल। अनुभव, संघर्ष, हौसलों की मिसाल—जय शिवपाल, जय शिवपाल।”
इसके साथ ही बैनर के जरिए शिवपाल यादव के नेतृत्व को नमन करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी गई हैं। पोस्टर में उन्हें “सम्मान बेमिसाल” बताते हुए मुबारकबाद दी गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह के बैनर न सिर्फ शिवपाल यादव की पार्टी में मजबूत मौजूदगी को दर्शाते हैं, बल्कि 2027 के चुनावी रण की ओर भी इशारा करते हैं। फिलहाल, यह बैनर सपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है।


