उप मुख्यमंत्री ने किया स्नान का आग्रह
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने माघ मेले में हुए विवाद को लेकर क्षमायाचना करते हुए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से गंगा स्नान करने का आग्रह किया।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि भाजपा में कम से कम ऐसे नेता भी हैं, जिन्हें गलती होने पर ग्लानि हुई, उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री ने क्षमा मांगकर **एक नेक कार्य किया है, लेकिन वह मुख्यमंत्री नहीं हैं।
“मुख्यमंत्री के इशारे पर हुआ अपमान”
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “मेरे साथ हुआ अपमान मुख्यमंत्री के इशारे पर हुआ है, मेरे समर्थकों के साथ मारपीट की गई।”उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक मुख्यमंत्री की ओर से इस मामले में कोई बयान नहीं आता और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उप मुख्यमंत्री के आग्रह पर स्नान करना कैसे संभव है।
दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि अब तक मारपीट के दोषी अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है, उन्होंने आशंका जताई कि यदि वह दोबारा स्नान के लिए गए, तो फिर से अभद्रता और मारपीट हो सकती है।
कालनेमि बयान पर प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सनातन धर्म को कालनेमियों से खतरे वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “कालनेमि कौन है, इसे मैं बेहतर तरीके से जानता हूं। कालनेमियों का चेहरा स्पष्ट है।”
उन्होंने संकेत दिया कि धर्म की आड़ में काम करने वालों की पहचान छिपी हुई नहीं है, माघ मेला विवाद अब केवल प्रशासनिक मुद्दा नहीं रह गया है, यह मामला सम्मान, सुरक्षा और जवाबदेही से जुड़ गया है, उप मुख्यमंत्री की क्षमायाचना के बावजूद, मुख्यमंत्री स्तर पर स्पष्ट कार्रवाई और बयान की मांग तेज हो रही है।



