उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी कुंभ मेला-2027 की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क मार्गों, सड़कों, स्थायी रैन बसेरों, विभागीय भवनों एवं पार्कों के निर्माण हेतु कुल ₹11.80 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है।
कुंभ मेला-2027 के अंतर्गत जनपद हरिद्वार के विकासखंड बहादराबाद में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चंडी देवी मंदिर विकास योजना (फेज-1) के तहत Pilgrim Friendly Facilities and Access Development के निर्माण कार्य हेतु ₹3.53 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, इसके साथ ही मनसा देवी मंदिर (रूट-1 एवं रूट-2) पर पिलग्रिम फ्रेंडली सुविधाओं एवं पहुंच विकास कार्यों के लिए ₹2.19 करोड़ की योजना को भी अनुमोदन दिया गया है।
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर में नगर पालिका दुगड्डा क्षेत्र के अंतर्गत निराश्रित व्यक्तियों के लिए एक स्थायी रैन बसेरा निर्माण हेतु ₹70.55 लाख स्वीकृत किए गए हैं वहीं, जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बनबसा के परिसर में पार्क निर्माण के लिए ₹70.55 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके अतिरिक्त जनपद उत्तरकाशी में जिला कमांडेंट, होमगार्ड्स कार्यालय के अनावासीय भवन निर्माण हेतु ₹2.74 करोड़ के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया है, मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के विकासखंड मूनाकोट अंतर्गत ग्राम सभा घुर्चु में आंतरिक सीसी मार्ग एवं संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹96.39 लाख तथा घुर्चु गोरिला मंदिर से असुरदेव–कांडा होते हुए बंडा तक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु ₹97.37 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन विकास कार्यों से कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मजबूती मिलने के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे आम जनता और श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।





