Home Breaking News ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर तीन दिवसीय यूपी दिवस 2026 का...

‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर तीन दिवसीय यूपी दिवस 2026 का आज से शुभारंभ

65
0

‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश ’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का शुभारंभ शनिवार को लखनऊ स्थित नव निर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल परिसर में होगा, कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश दिवस को केवल एक सरकारी आयोजन न बनाकर जन-उत्सव के रूप में मनाया जाए, जिसमें राज्य के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित हो, उन्होंने बताया कि इस आयोजन में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, जीवंत परंपराओं और विकास यात्रा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।

ODOC योजना बनेगी यूपी दिवस 2026 का मुख्य आकर्षण

इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री द्वारा घोषित ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन कुज़ीन’ (ODOC) योजना होगी, इस योजना के अंतर्गत राज्य के प्रत्येक जिले से एक पारंपरिक एवं प्रसिद्ध व्यंजन का चयन किया गया है, कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश भर के सभी जिलों के ODOC व्यंजन एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, यह पहल उत्तर प्रदेश की खानपान विविधता को पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी मज़बूती प्रदान करेगी।

ODOP और GI टैग उत्पादों की होगी भव्य प्रदर्शनी

यूपी दिवस के अवसर पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट–वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के अंतर्गत कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी,
इसके साथ ही GI टैग प्राप्त उत्पादों को ट्रेड शो के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके।

इन क्षेत्रों की हस्तियों को मिलेगा उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान

उत्तर प्रदेश दिवस समारोह के दौरान ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ प्रदान किया जाएगा, इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली पांच प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा, इसके अलावा ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को भी सम्मानित किया जाएगा।

कई महत्वपूर्ण योजनाओं का होगा शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा औपचारिक रूप से ODOC योजना का शुभारंभ किया जाएगा, साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र योजना का भी उद्घाटन किया जाएगा, इस अवसर पर लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

हर जिले में होगा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, विदेशों में भी आयोजन

यूपी दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों के चयन को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है, इसके अतिरिक्त, यह आयोजन फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों के सहयोग से विदेशों में भी मनाया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश की संस्कृति और विकास यात्रा को वैश्विक मंच मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here