Home National 2026 की पहली ‘मन की बात’, PM मोदी ने बताया मतदाता का...

2026 की पहली ‘मन की बात’, PM मोदी ने बताया मतदाता का महत्व, स्टार्टअप से लेकर नदियों और जल संरक्षण तक दिया बड़ा संदेश

68
0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार 25 जनवरी को साल 2026 के पहले ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने कहा कि यह नए साल की पहली ‘मन की बात’ है और ठीक अगले दिन, 26 जनवरी, देश गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि 26 जनवरी का दिन हमें संविधान के निर्माणकर्ताओं को नमन करने और उनके योगदान को याद करने का अवसर देता है।

नेशनल वोटर्स डे पर मतदाता को बताया लोकतंत्र की आत्मा

प्रधानमंत्री ने 25 जनवरी को नेशनल वोटर्स डे बताते हुए मतदाता की भूमिका को लोकतंत्र की बुनियाद करार दिया।
उन्होंने कहा कि जब कोई युवा पहली बार मतदाता बने, तो उसका स्वागत पूरे मोहल्ले, गांव या शहर को मिलकर करना चाहिए और इसे उत्सव की तरह मनाया जाना चाहिए। इससे मतदान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी दोनों बढ़ेंगी।
पीएम मोदी ने युवाओं से अपील की कि 18 वर्ष पूरे होते ही वोटर के रूप में पंजीकरण जरूर कराएं।

तमसा नदी का पुनर्जीवन बना प्रेरणा

नदियों के संरक्षण पर बात करते हुए पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से होकर बहने वाली तमसा नदी का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि कभी यह नदी क्षेत्र के जनजीवन की रीढ़ हुआ करती थी, लेकिन प्रदूषण के कारण इसकी धारा बाधित हो गई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पहल करते हुए नदी की सफाई की, किनारों पर छायादार और फलदार पेड़ लगाए और सामूहिक प्रयासों से नदी को दोबारा जीवन मिला।
प्रधानमंत्री ने इसे जनभागीदारी से प्रकृति संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में जल संरक्षण की मिसाल

पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले का उदाहरण भी साझा किया, जो लंबे समय से सूखे और पानी की किल्लत से जूझता रहा है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और प्रशासन ने मिलकर ‘अनंत नीरू संरक्षणम प्रोजेक्ट’ शुरू किया, जिसके तहत 10 से अधिक जलाशयों की सफाई कर उन्हें पुनर्जीवित किया गया।आज इन जलाशयों में फिर से पानी भरने लगा है और आसपास 7,000 से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं, जिससे इलाके की तस्वीर बदल रही है।

भारत बना दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम

प्रधानमंत्री मोदी ने देश की स्टार्टअप यात्रा पर भी विस्तार से बात की।उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और इसके असली नायक देश के युवा हैं।पीएम मोदी ने कहा कि युवाओं ने अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर ऐसे नवाचार किए हैं, जो इतिहास में दर्ज हो रहे हैं।उन्होंने AI, स्पेस टेक्नोलॉजी, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमीकंडक्टर्स, मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि लगभग हर सेक्टर में भारतीय स्टार्टअप वैश्विक पहचान बना रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here