देश आज अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड में इस बार कई नई और खास सैन्य क्षमताओं की झलक देखने को मिलेगी। पहली बार परेड में नया रॉकेट लॉन्चर सिस्टम ‘सूर्यस्त्र’ और भैरव लाइट कमांडो बटालियन शामिल की जा रही है।
आधुनिक हथियारों का होगा प्रदर्शन
गणतंत्र दिवस परेड में ब्रह्मोस, आकाश मिसाइल सिस्टम, एमआरएसएएम, एटीएटीजीएस तोप, धनुष तोप, शक्तिबान रेजिमेंट और अन्य आधुनिक रक्षा प्रणालियों का प्रदर्शन किया जाएगा। परेड का नेतृत्व दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार करेंगे।
Also Read- टीम कांटा ने जीता ‘लाफ्टर शेफ 3’ का खिताब, छूरी को हराकर बनी चैंपियन
करीब 6,000 रक्षाकर्मी लेंगे हिस्सा
पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली क्षेत्र के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल नवराज ढिल्लों ने बताया कि इस बार परेड में करीब 6,000 रक्षाकर्मी शामिल होंगे। इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड के मुख्य अतिथि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा होंगे। परेड की थीम ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ रखी गई है।
पहली बार दिखेंगी ये खास टुकड़ियां
कैप्टन हर्षिता राघव के अनुसार, परेड में पहली बार 300 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम ‘सूर्यस्त्र’ रॉकेट सिस्टम, भैरव लाइट कमांडो बटालियन, जांस्कर के टट्टू, बैक्ट्रियन ऊंट, चील और सेना के प्रशिक्षित कुत्ते भी शामिल होंगे।
भैरव बटालियन और शक्तिबान की खास भूमिका
रिपोर्ट के मुताबिक, भैरव लाइट कमांडो बटालियन का गठन अक्टूबर 2025 के आसपास हुआ था और यह पैदल सेना व विशेष बलों के बीच की भूमिका निभाने के लिए बनाई गई है। वहीं ड्रोन, काउंटर-ड्रोन और लोइटर मुनिशन से लैस शक्तिबान रेजिमेंट भी पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेगी। इसके साथ ही भारी थर्मल गियर पहने मिक्स स्काउट्स टुकड़ी भी कर्तव्य पथ पर नजर आएगी।




