मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने और अपने कर्तव्यों व लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि देवभूमि उत्तराखण्ड के मूल स्वरूप को बनाए रखने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से ठीक एक वर्ष पूर्व, 27 जनवरी को राज्य में यूसीसी लागू किया गया था, जो उत्तराखण्ड के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री धामी ने उद्योगों को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए किए गए नीतिगत सुधारों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर उत्तराखण्ड को प्रगति के नए आयाम देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से “विकसित उत्तराखण्ड” के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “आत्मनिर्भर भारत” के महाअभियान में योगदान देने की अपील करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को दोहराया और कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस दिशा में कार्य कर रही है।





