Home Breaking News गणतंत्र दिवस पर सीएम योगी का संदेश: जनता ही संविधान की असली...

गणतंत्र दिवस पर सीएम योगी का संदेश: जनता ही संविधान की असली संरक्षक

44
0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद आयोजित सभा को संबोधित किया, इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत का नागरिक ही संविधान का असली संरक्षक है, उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि संवैधानिक मूल्यों को सच्चे अर्थों में बनाए रखने के लिए प्रत्येक संस्था, मंत्रालय और विभाग को जनता के प्रति जवाबदेह होना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि उन अनगिनत ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

लखनऊ में गणतंत्र दिवस का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य और ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया जा रहा है, इस बार का आयोजन ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर आधारित है, जिसमें प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ पहली बार देश के नौ राज्यों की संस्कृतियों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा, इस विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में असम, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार सहित अन्य राज्यों से आए 200 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, कलाकार एक-दूसरे की संस्कृतियों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।

स्थानीय कलाकार और छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियां

संस्कृति विभाग की ओर से प्रदेश के स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश देंगे, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के ज़रिए भारत की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर जीवंत करेंगे, शनिवार को विधान भवन के बाहर कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास किया गया, जिसमें प्रदेश भर से आए कलाकारों ने भाग लिया। इसके साथ ही विभिन्न स्कूलों से आईं 65 मार्चिंग टुकड़ियां भी परेड में शामिल होंगी।

सशस्त्र बलों और एनसीसी कैडेट्स की भव्य परेड

गणतंत्र दिवस समारोह में सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, यूपी पुलिस और एनसीसी कैडेट्स की परेड का आयोजन किया जाएगा, परेड में स्काउट्स एंड गाइड्स, प्रांतीय रक्षक दल, होम गार्ड, सीआरपीएफ, एटीएस और विभिन्न पुलिस इकाइयों की टुकड़ियां शामिल होंगी, परेड का मुख्य आकर्षण थंडरबोल्ट दल का प्रदर्शन होगा, जिसमें मोटरसाइकिलों पर सवार जवान अद्भुत संतुलन और साहस का परिचय देंगे, परेड का मार्ग रविन्द्रालय और बाल संग्रहालय चारबाग से शुरू होकर विधानसभा मार्ग होते हुए केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक रहेगा।

योगी के संबोधन की प्रमुख बातें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की, उन्होंने कहा संविधान एक पवित्र दस्तावेज है, जो देश को न्याय, समानता, भाईचारे और एकता से जोड़ता है कोई भी व्यक्ति स्वयं को संविधान, कानून या व्यवस्था से ऊपर नहीं समझ सकता, संविधान का अनादर करना, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अपमान है

‘विकसित भारत’ के लक्ष्य पर मुख्यमंत्री का ज़ोर

मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत’ के विज़न का उल्लेख करते हुए कहा कि जब विकास गांवों से शुरू होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा, तभी यह लक्ष्य साकार होगा। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म, भाषा या क्षेत्र के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना न्याय सुनिश्चित करना आवश्यक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here