स्नेह मिलन कार्यक्रम में ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा की सहभागिता
लखनऊ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मऊ कलेक्ट्रेट स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित स्नेह मिलन एवं संवाद कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम को विकास संवाद का मंच बनाते हुए उन्होंने जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों से सीधे संवाद कर मऊ के विकास रोडमैप को साझा किया।
शहर के सौंदर्यीकरण से बदलेगा मऊ का चेहरा

मंत्री शर्मा ने बताया कि मऊ शहर को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए कई सौंदर्यीकरण परियोजनाएं तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं।
दाड़ी तिराहे के कायाकल्प के साथ-साथ मुंशीपुरा स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। झीलमहल क्षेत्र के तालाब का सौंदर्यीकरण पूर्ण हो चुका है, वहीं वहां ओपन जिम की सुविधा शीघ्र जनता को समर्पित की जाएगी।
फूड स्ट्रीट, वेडिंग ज़ोन और चौड़ी सड़कें: नए शहरी विस्तार की तैयारी

मंत्री ने जानकारी दी कि बरलाई क्षेत्र में आधुनिक फूड स्ट्रीट एवं वेडिंग ज़ोन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
बंधा रोड के चौड़ीकरण की योजना से यातायात व्यवस्था को नई राहत मिलेगी। इसके साथ ही गाय घाट की तर्ज पर सामने स्थित घाट को भी विकसित किए जाने का संकल्प दोहराया गया।
शिक्षा और परिवहन को मिलेगी नई दिशा

मऊ को शिक्षा का केंद्र बनाने के विजन को साझा करते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि यह उनका प्राथमिक लक्ष्य है।
संस्कृत पाठशाला रोड का टेंडर पूर्ण हो चुका है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। इसके साथ ही शहर में सिटी बस सेवा शुरू करने की संभावना पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
1500 करोड़ की सड़क परियोजना, मॉडल स्कूल को भी मंजूरी

मऊ–बलिया रोड के चौड़ीकरण के लिए लगभग 1500 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हो चुकी है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
वहीं निधियाव क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल स्कूल के निर्माण को भी स्वीकृति दी जा चुकी है।
बुद्धिजीवियों से सुझाव, विकास में सहभागिता की अपील

संवाद कार्यक्रम के दौरान मंत्री शर्मा ने उपस्थित बुद्धिजीवियों और नागरिकों से विकास संबंधी सुझाव आमंत्रित किए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए हर सार्थक सुझाव को गंभीरता से लिया जाएगा और मऊ को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।
जनसंवाद से जनविकास की ओर

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस के अवसर पर यह संवाद कार्यक्रम लोकतांत्रिक सहभागिता और विकास का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।





