77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पूरे देश में हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के माहौल के बीच गणतंत्र दिवस मनाया गया। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सूचना विभाग मुख्यालय पर भी भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सूचना निदेशक विशाल सिंह ने सूचना विभाग मुख्यालय परिसर में पूरे सम्मान और गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। तिरंगा फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर उपस्थित स्कूली बच्चों ने सूचना निदेशक को अनुशासित ढंग से सलामी दी, जिससे कार्यक्रम और भी भावुक व प्रेरणादायक बन गया।
अपने संबोधन में सूचना निदेशक विशाल सिंह ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों की अहमियत को रेखांकित किया। उन्होंने विशेष रूप से वर्तमान दौर में भ्रामक खबरों और दुष्प्रचार से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि सोशल मीडिया के समय में सत्य और तथ्य की पहचान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के साझा न करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करें। कार्यक्रम के अंत में बच्चों और कर्मचारियों में देशभक्ति का जोश साफ नजर आया और पूरा वातावरण “वंदे मातरम्” व “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।



