ललितपुर जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने तीन ग्रामीणों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना थाना जाखलौन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जीरोन के पास की बताई जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए शहर के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों द्वारा किए गए परीक्षण के दौरान एक ग्रामीण को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में शामिल फॉर्च्यूनर गाड़ी पर “विधायक” लिखा हुआ था और वाहन किसी राजनेता से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने फॉर्च्यूनर वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।


