आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर अपने भाई और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। मंगलवार (27 जनवरी, 2026) को रोहिणी आचार्य ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट साझा कर चुनाव के बाद की गई समीक्षा और अब तक किसी भी तरह की कार्रवाई न होने को लेकर सवाल खड़े किए।
रोहिणी आचार्य ने पोस्ट में पूछा कि जब चुनाव के बाद समीक्षा की बात कही गई थी, तो अब तक उस पर कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया। उन्होंने समीक्षा के नाम पर सिर्फ दिखावटी कार्रवाई होने का आरोप लगाया और तेजस्वी यादव के लिए कड़े और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया।
“चुनावी नतीजों से सब साफ है”
अपने पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने लिखा कि लालू प्रसाद यादव और पार्टी के लिए किसने क्या किया है, यह लोकसभा और हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों के नतीजों से साफ हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों को जिम्मेदारी दी गई, उन्होंने अपने “आयातित गुरु और उनके समर्थकों” के साथ मिलकर पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं के दशकों के संघर्ष को नजरअंदाज किया और पार्टी को बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया।
Also Read-रियलिटी शो ‘द 50’ का प्रीमियर 1 फरवरी को, शूटिंग शुरू; पहला एलिमिनेशन भी हुआ
“खुले मंच पर सवालों का सामना करें”
रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि सवाल पहले भी उठे थे, आज भी उठ रहे हैं और आगे भी उठते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगर नैतिक साहस है तो खुले मंच पर इन सवालों का सामना करने की हिम्मत दिखानी चाहिए। उनका कहना था कि कौन ज्ञान दे रहा है और कौन सच्चाई से मुंह चुरा रहा है, यह सबके सामने साफ हो जाएगा।
समीक्षा रिपोर्ट को लेकर उठाए सवाल
तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा कि पार्टी के सच्चे कार्यकर्ता और समर्थक यह जानना चाहते हैं कि जिन चुनिंदा लोगों को लालू प्रसाद यादव को नजरअंदाज कर पार्टी में सर्वेसर्वा बना दिया गया, उन्होंने पार्टी के लिए आखिर क्या योगदान दिया। उन्होंने यह भी पूछा कि समीक्षा के नाम पर की गई कार्रवाई आखिर क्या थी, समीक्षा रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई और जिन लोगों पर रिपोर्ट में सवाल उठे, उन पर अब तक कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया।


