UGC के नए नियमों को लेकर देशभर में सवर्ण समाज के लोग सड़कों पर उतर आए हैं, सामान्य वर्ग द्वारा इन नियमों के विरोध में किए जा रहे आंदोलनों के बीच अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जातिवाद को लेकर बड़ा बयान सामने आया है, सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि विकास की राह में जब भी प्रदेश आगे बढ़ता है, परिवारवादी और जातिवादी ताकतें अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करती हैं।
गोरखपुर से दिया सख्त संदेश
गोरखपुर में रेल उपरिगामी सेतु और चार लेन मार्ग पर बने फ्लाईओवर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे विकास की गति तेज होती है, कुछ ताकतें फिर सिर उठाने लगती हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि ये परिवारवादी-जातिवादी समूह जानबूझकर उपद्रव फैलाने का प्रयास करते हैं।
“उपद्रव करने वालों को सरकार का रवैया मालूम है”
सीएम योगी ने कहा, “उनके आका भी उन्हें पीछे से धकेलते होंगे और कहते होंगे कि पैसा लिया है तो कुछ उपद्रव करो। लेकिन उन्हें पता है कि उत्तर प्रदेश सरकार उपद्रवियों के साथ कैसा व्यवहार करती है,” मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब उत्तर प्रदेश ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं बल्कि ‘उत्सव प्रदेश’ बन चुका है।
“जातिवाद की राजनीति करने वाले बने दंगाइयों के हमदर्द”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो लोग पहले जातिगत राजनीति करते थे, वही आज दंगाइयों के हमदर्द बन गए हैं, उन्होंने कहा कि जब दंगाइयों को प्रदेश से खदेड़ दिया गया है, तो उनके समर्थक नाखुश और परेशान हो गए हैं।
“दंगाइयों के समर्थकों को हो रहा दर्द”
सीएम योगी ने कहा, “जो दंगाइयों के हमपरस्त थे और उनके सामने नाक रगड़ते थे, आज जब दंगाई अपने बिल में जा चुके हैं और प्रदेश दंगा मुक्त हो चुका है, तो उनके सभी हमदर्दों को दर्द हो रहा है।”
2017 से पहले की स्थिति का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश भय, दंगे और अराजकता से घिरा हुआ था, बेटियां और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे और युवाओं के भविष्य के साथ जाति के नाम पर खिलवाड़ किया जा रहा था।
“आज विकास से पहचाना जा रहा गोरखपुर”
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर अब मच्छर और इंसेफेलाइटिस के लिए नहीं, बल्कि विकास, बेहतर सड़कों और आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए जाना जाता है, उन्होंने कहा कि यह बदलाव मजबूत कानून-व्यवस्था और विकास केंद्रित नीतियों का परिणाम है।





