अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। अब चर्चा चल रही है कि एनसीपी के दोनों गुट फिर से एक हो सकते हैं, हालांकि अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। इस बीच बीजेपी के राज्यसभा सांसद धनंजय महादिक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों एनसीपी गुटों को साथ आ जाना चाहिए क्योंकि उनके पास मिलकर मजबूत ताकत है — करीब 40 विधायक और 10 सांसद।महादिक ने यह भी कहा कि अगर सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाया जाए तो वे प्रभावी तरीके से काम कर सकती हैं, क्योंकि उन्हें अब राज्यसभा का अनुभव भी है।
सीएम फडणवीस से NCP नेताओं की मुलाकात
शुक्रवार (30 जनवरी) को महाराष्ट्र में सियासी गतिविधियां तेज रहीं। एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिले। यह बैठक करीब डेढ़ घंटे चली। इसमें छगन भुजबल, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, धनंजय मुंडे समेत कई नेता शामिल थे। प्रफुल्ल पटेल पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
Also Read- रेप केस में मोईद खान बरी, बुलडोजर कार्रवाई पर अखिलेश का तंज: ‘न्याय ऊपरवाला करेगा’
सुनेत्रा पवार का राजनीतिक सफर
अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने 2024 में बारामती से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सुप्रिया सुले से हार मिली। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर सवाल उठे। बाद में अजित पवार ने उन्हें राज्यसभा भेजा।25 जून 2025 को सुनेत्रा पवार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी और तब से वे संसद के उच्च सदन की सदस्य हैं।
विलय की तैयारी की चर्चा
एनसीपी सूत्रों के अनुसार, अजित पवार और शरद पवार के बीच पार्टी के विलय पर सहमति बन चुकी थी। बताया जा रहा है कि 8 फरवरी को दोनों गुटों के एक होने का ऐलान होना था। लेकिन इससे पहले ही 28 जनवरी को एक हादसे में 66 वर्षीय अजित पवार का निधन हो गया, जिसके बाद राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं।


