संभल जनपद के बबराला थाना क्षेत्र के पहलवाड़ा गांव में शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे प्रधानी की पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान पहले पथराव हुआ और फिर दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग की चपेट में आने से वर्तमान ग्राम प्रधान मीरा देवी की सास और राशन डीलर प्रेमवती (उम्र 65 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के दो लोग गोली लगने से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे अचानक दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग होने लगी। फायरिंग के दौरान प्रेमवती को गोली लग गई, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में प्रधान पति पवन और दूसरे पक्ष का युवक देवेश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालात को देखते हुए पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि किसी तरह की दोबारा हिंसा न हो सके। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बना हुआ है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विष्णोई ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तीन टीमों का गठन किया है। एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले वर्तमान ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच दूसरे पक्ष ने करवाई थी। इसी को लेकर गांव में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार रात विवाद हिंसक रूप ले बैठा एसपी कृष्ण कुमार विष्णोई ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।





