उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के बाद माहौल गरमा गया है। बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम के बयान को लेकर राजधानी में विरोध तेज हो गया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर मौलाना अब्दुल्ला सलीम का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर सीएम योगी की मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
वीडियो सामने आने के बाद कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया और इसे मुख्यमंत्री की मां का अपमान बताते हुए कार्रवाई की मांग की। विवाद बढ़ने के बाद लखनऊ के हजरतगंज इलाके में विरोध स्वरूप कई पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए। इन पोस्टरों में लिखा गया कि “योगी जी की मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदू समाज”।
वहीं कुछ पोस्टरों में मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अटल चौक पर फांसी देने जैसी बातें भी लिखी गईं, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। इसी मुद्दे को लेकर 7 मार्च को लखनऊ के अटल चौराहा पर युवाओं ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मौलाना अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला भी फूंका। साथ ही प्रशासन से मांग की गई कि इस मामले में जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर बयान वायरल होने के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब राजधानी की सड़कों तक पहुंच चुका है और मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।





