पटना, बिहार: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए जारी मतदान के बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता और विधायक अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब वह अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे।
नीतीश कुमार नहीं रहेंगे, इसलिए मैं भी नहीं लड़ूंगा
बेउर जेल से राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करने विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं रहेंगे, इसलिए अब उनका भी चुनावी भविष्य समाप्त हो गया है, पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि अब उनकी जगह उनके बेटे चुनाव लड़ेंगे, जब उनसे पूछा गया कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, तो अनंत सिंह ने कहा कि यह फैसला नीतीश कुमार ही तय करेंगे।
राज्यसभा मतदान के लिए विशेष अनुमति
मोकामा से जदयू विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह को एमपी-एमएलए कोर्ट ने राज्यसभा चुनाव में मतदान करने की अनुमति दी थी, अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना की बेऊर जेल में बंद हैं, इस दौरान उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस की निगरानी में सुबह 10 बजे के बाद विधानसभा पहुंचकर वोट डालने की इजाजत दी गई, मतदान के बाद वह फिर से जेल लौट गए, राज्यसभा चुनाव में उनका एक वोट एनडीए के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि एनडीए के पांचवें उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए तीन अतिरिक्त वोटों की जरूरत थी।
राजनीतिक परिवार
अनंत सिंह का परिवार भी राजनीति से जुड़ा है, उनकी पत्नी नीलम देवी भी पहले विधायक रह चुकी हैं, अब उनका बेटा उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में आगे बढ़ सकता है, अनंत सिंह का यह बयान बिहार की राजनीति में नए सियासी घटनाक्रम की ओर इशारा करता है, जदयू के वरिष्ठ नेता के चुनाव से बाहर रहने की घोषणा और उनके परिवार का आगे आना आगामी चुनावों में राजनीतिक समीकरण बदल सकता है।





