उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए सिरसिया ब्लॉक के बाल विकास परियोजना अधिकारी (CDPO) मुकेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।
मामले के अनुसार, आंगनवाड़ी सहायिका प्रियंका आर्या से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप CDPO पर लगा था। शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच कराई गई, जिसमें एक ऑडियो क्लिप भी सामने आई। इस ऑडियो में कथित तौर पर रिश्वत की मांग की पुष्टि होती दिखी।
जिले के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) शाहिद अहमद द्वारा की गई जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुकेश कुमार को सस्पेंड कर दिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश दिया गया है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की इस सख्ती को लेकर आम लोगों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।






